ट्रंप के लिए आएगा गंगाजल, यमुना का पानी होगा निर्मल

आगरा में ताजमहल के दीदार के लिए आ रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फायदा मथुरा में यमुना किनारे रह रहे लोगों व श्रद्धालुओं को मिलेगा। ट्रंप के आगमन पर आगरा में यमुना को साफ दिखाने को लेकर यमुना में 500 क्यूसेक गंगाजल छोड़ा गया है। यह पानी बृहस्पतिवार की देर रात तक मथुरा पहुंच जाएगा और शुक्रवार सुबह से सात दिन तक यमुना में साफ पानी दिखाई देगा।  


24 फरवरी को आगरा में ताज के दीदार के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आने का कार्यक्रम तय है। वे आगरा में चार घंटे तक रुकेंगे। ताज दीदार के दौरान वे यमुना किनारे भी जाएंगे जहां से ताज की बेहतर खूबसूरती को निहारा जा सके। इस दौरान ताज के निकट से बह रही यमुना में गंदा पानी न दिखे, इसे लेकर यमुना में साफ पानी छोड़ने को लेकर हरिद्वार से बुलंदशहर स्थित कोट स्केप में 500 क्यूसेक पानी यमुना में छोड़ा गया है। 

17 फरवरी की शाम पांच बजे खुर्जा हेड से इस पानी का डिस्चार्ज शुरू हो गया। मथुरा में यह पानी बृहस्पतिवार की रात तक आ जाएगा और शुक्रवार सुबह से इसका असर दिखाई देगा। इससे मथुरा में यमुना जल स्वच्छ दिखेगा और यमुना किनारे रह रहे लोगों व श्रद्धालुओं को आचमन, स्नान को स्वच्छ पानी मिलेगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के आगमन को लेकर यमुना में 500 क्सूसेक गंगाजल छोड़ा गया है जो 24 फरवरी तक लगातार रहेगा।